ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

गॉन विद द विंड: मार्गरेट मिशेल की याद

गॉन विद द विंड इतनी प्रसिद्ध हुई की उसपर इसी नाम से फिल्म बनी और उसने 10 ऑस्कर पुरस्कार जीते। अटलांटा में मार्गरेट मिशेल का जन्मस्थान अब एक म्यूजियम में तब्दील हो गया है।

अटलांटा में मिशेल का जन्मस्थान अब एक म्यूजियम में तब्दील हो गया है। / tapasya chaubey

जिंदगी हमें वो देने के लिए बाध्य नहीं है जिसकी हम उम्मीद करते हैं...  लिखने वाली मार्गरेट मिशेल का जन्मदिन 8 नवम्बर को था। अटलांटा में जन्म लेने वाली मिशेल शुरू से ही निडर और अपने समय की महिलाओं से भिन्न रहीं। कट्टर कैथोलिक परिवार में जन्मीं मिशेल बचपन से ही नक्सली हिंसा और अलगाववाद को देखते-सुनते आ रही थीं। यही वजह रही की शुरू में कक्षा में एक अश्वेत लड़की को देख क्लास करने से मना कर दिया था।

हालांकि बाद के वर्षों में उन्होंने चुपचाप अटलांटा में अश्वेतों के लिए पहला अस्पताल बनाने में मदद की। अश्वेतों के हित में लगे डॉ. बेंजामिन मेयस ने उन्हें पत्र लिख कर शिक्षा के क्षेत्र में मदद करने को पूछा। मिशेल को यह पसंद आया और वे चुपचाप छात्रवृत्ति का पैसा डॉ. मेयस को भेजती रहीं।

दुनिया मार्गरेट मिशेल को एक लेखिका के तौर पर ज्यादा जानती है। दुनिया याद करती है 20वीं सदी में प्रकाशित सबसे सफल किताब 'गॉन विद द विंड' को। स्कारलेट ओ'हारा और रिट बटलर की प्रेम कहानी को। यह कहानी अमेरिका के गृहयुद्ध को केंद्र में रख कर लिखी गई थी और इतनी प्रसिद्ध हुई की कई भाषाओं में अनुवाद हुआ।

सिर्फ एक किताब लिख कर दुनिया में नाम कमाने वाली मिशेल की जीवनयात्रा सामान्य न थी। जीवन के अंत तक बार-बार गिरना, एक ही पैर में चोट लगना, मंगेतर की युद्ध में मृत्यु, पहले पति का हिंसक स्वभाव, दर्द और डिप्रेशन के बीच झूलती मिशेल जब इस बार घुड़सवारी के दौरान गिरीं तो महीनों बेड पर पड़ी रहीं। इस बीच इनके दूसरे पति ने खूब किताबें पढ़ने को दीं। एक समय के बाद उसने ही कहा- अब पढ़ना बंद करो, लिखना शुरू। और इस तरह गॉन विद द विंड की शुरुआत हुई। हालांकि उन्होंने अपने पति से यह भी कहा था- मेरी मृत्यु के बाद इस किताब की पांडुलिपि मेरी कब्र पर जला देना।

मार्गरेट की मृत्यु एक कार दुर्घटना में हुई थी। उस वक्त इनके पति जॉन मार्श इनके साथ सड़क पार कर रहे थे। टैक्सी ड्राइवर का कहना था इनके पति ने इन्हें धक्का दिया था पर इसकी पुष्टि नहीं हो पायी। मार्गरेट मिशेल इस दुनिया को विदा कह चली गईं पर जब तक रहीं अपने अनुसार जीवन जीया। विवाह से पूर्व निडर, सुंदर और वाइल्ड मिशेल एक ही वक्त पर दो लोगों को डेट कर रही थीं। रेड अपशॉ और जॉन मार्श। दोनों को ही मालूम थी यह बात पर मिशेल जैसा साथी पाना कौन नहीं चाहता। बाद में मिशेल ने रेड से शादी कर ली। कोई भी इस शादी से खुश न था। कारण रेड का निकम्मापन और हिंसक स्वभाव। यह शादी अधिक दिन तक चली नहीं पर रेड के निकम्मेपन की वजह से मिशेल ने काम ढूंढना शुरू किया और पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा।

गॉन विद द विंड इतनी प्रसिद्ध हुई की उसपर इसी नाम से फिल्म बनी और उसने 10 ऑस्कर पुरस्कार जीते।

काफी पहले मैंने शुरुआत तो इनकी किताब से की थी पर पर जल्दी ही ऊब गई और किताब लौटाने की डेट आ गई। फिर कुछ समय बाद मैंने यह फिल्म देखी और एक बार फिर कोशिश की इस किताब को पढ़ने की। इस बार शुरुआती बोझिलता को पार करते हुए किताब पूरी हुई।

अटलांटा में इनका जन्मस्थान अब एक म्यूजियम में तब्दील हो गया है। यह बहुत बड़ा नहीं पर अहाता बड़ा और सुन्दर है। ऊपर के फ्लोर पर कैफे का कुछ काम चल रहा था। बाकी वहीं लेखक की टेबल, टाइपराइटर, बेड, कुर्सी आदि-आदि। इनके घर में गॉन विद द विंड के कई फ्रेम लगे हैं। साथ ही लगी है अफ्रीकी एक्ट्रेस की तस्वीर और उन्हें लिखी चिट्ठियों की कॉपी। वे पहली अश्वेत महिला रहीं ऑस्कर पाने वाली।

चलते-चलते बता दूं कि इस घर रूपी म्यूजियम की एंट्री फी है  $18, आप खुद भी घूम सकते हैं या फिर गाइडेड टूर भी ले सकते हैं। यह सोमवार को छोड़ कर बाकी दिन 9-4 बजे तक खुला रहता है । 

Comments

Related